आजमगढ़। साइबर थाना पुलिस ने एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी के खाते से 55 लाख रुपये उड़ाने वाले साइबर अपराधी को जामताड़ा से गिरफ्तार किया। रविवार को साइबर थाना पुलिस ने प्रेसवार्ता कर इसका खुलासा कर आरोपी को चालान किया।
प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना विमल प्रकाश राय ने बताया कि 19 मई 2021 को बलिया के सिकंदपुर थाना क्षेत्र के हरनाटा गांव निवासी मंजू वर्मा ने तहरीर दी कि उसके पति भुवनेश वर्मा पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं। खाते में आए फंड के 55 लाख रुपये किसी साइबर अपराधी ने पेंशन चालू कराने के नाम पर एनी डेस्क एप डाउनलोड करा कर निकाल लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
तकनीकी संसाधनों का प्रयोग करते हुए विवेचना शुरू की गई तो कुल आठ अभियुक्तों का नाम प्रकाश में आया। मामले में चार आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। मुख्य अभियुक्त सोनू मंडल निवासी नरायनपुर थाना नरायनपुर जिला जामताड़ा प्रांत झारखंड फरार चल रहा था। 10 सितंबर को उसे ओम साईं होटल जामताड़ा से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में पकड़े गए साइबर अपराधी ने बताया कि अभियुक्त सोनू मंडल अपने साथी रामकिशुन, दिनेश व धीरज के साथ मिलकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों का डेटा सरकारी वेबसाइट से प्राप्त करता था। इसके बाद ट्रेजरी अधिकारी बन कर कॉल करता था। इसके बाद पेंशन बंद होने या पेंशन में इंक्रीमेंट लगाने के नाम पर कॉल कर रिमोट सपोर्ट एप डाउनलोड करवाता था। इसके माध्यम से मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग या ई वॉलेट को एक्सेस कर उनके खाते से सारा पैसा फर्जी एकाउंट में ट्रांसफर कर लेता है।