मेजवां। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर देहात में शनिवार को इनवर्टर का तार ठीक करते समय एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया। जयप्रकाश (42) पुत्र गोपाल के घर के इनवर्टर में फाल्ट आ गया था। जयप्रकाश इसे ठीक कर रहा था कि इस दौरान उसे बिजली का एक जोरदार झटका लगा।
झटका लगने के बाद वह दूर जा गिरा और अचेत हो गया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने उसे सीएचसी फूलपुर में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की एक पुत्री और दो पुत्र हैं। घर के पास ही वह जलपान की दुकान चलाता था।