आराजीबाग के वैष्णो कॉलोनी में खाटू वाले श्याम प्रभु के जन्मोत्सव पर सजाई गई झांकी।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। हरि प्रबोधिनी एकादशी के दिन बुधवार को नगर के आराजीबाग स्थित वैष्णो कालोनी में परितोष रूंगटा के आवास पर खाटू श्याम बाबा की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान श्रद्घालुओं ने भजन कीर्तन और प्रसाद का वितरण किया।आराजीबाग मोहल्ले के वैष्णो कालोनी स्थित परितोष रुंगटा के आवास पर खाटू वाले श्याम प्रभु का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर श्याम प्रभु की नैनाभिराम झांकी सजाई गई तथा बाबा को माखन, मिश्री, मेवा,फल, मिष्ठान आदि का भोग भी लगाया गया। सर्वप्रथम परितोष रुंगटा बंटी ने बाबा की ज्योति प्रज्वलित की। इसके बाद सोनभद्र से आए गायक कलाकार संजीव शर्मा ने अपने एक से एक मीठे भजनों से वहां मौजूद श्याम भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया उन्होंने सर्वप्रथम गणेश वंदना से भजन संध्या का शुभारंभ किया। खाटू वाले श्याम तेरा सच्चा दरबार, मेरी लाज गई तो समझो प्रभु तेरी लाज गई, श्याम तेरे सिवा मेरा कोई और नही, छाई काली घटाएं तो क्या, आगे आगे चलता है मेरे मेरे मालिक के पीछे हूं मैं, दीनानाथ मेरी लाज छानी कोनी तेरे से जैसे एक से एक भजन से सभी को भावविभोर कर दिया। आरती व प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर पवन खंडेलिया, शोभित अग्रवाल, सौरभ डालमिया, देवल बैरसिया, आशुतोष रूंगटा, गोल्डी रूंगटा, वेदांत रूंगटा, गोपाल खंडेलिया, चिंटू खंडेलिया, विवेक सिंह आदि उपस्थित थे।