गंगा दशहरा को लेकर महाराजगंज में भैरव बाबा धाम पर सरोवर में स्नान करते श्रद्धालु। संवाद
गंगा दशहरा के पावन पर्व पर जिलेभर में श्रद्धा और आस्था का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने विभिन्न घाटों, सरोवरों और मंदिरों में स्नान-पूजन कर सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। भैरव बाबा धाम मेले और गिरीश्वर महादेव मंदिर में सुबह से देर शाम तक भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही। मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन पवित्र जल में स्नान और पूजा-अर्चना करने से पापों का नाश होता है तथा जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इसी आस्था के चलते महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक स्थलों पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। मंदिरों में विशेष आरती और प्रसाद वितरण का भी आयोजन हुआ।