जीयनपुर में लगे जाम को हटाते पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
छठ पर्व को लेकर बाजार में बढ़ी भीड़ और वाहनों के दबाव से शुक्रवार को जीयनपुर बाजार में भीषण जाम लग गया। बाजार के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों और यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। जाम खुलवाने में पुलिस और होमगार्ड के जवानों के पसीने छूट गए।
जीयनपुर चौक से गुजरने वाले आजमगढ़-दोहरीघाट, अजमतगढ़-जीयनपुर और जीयनपुर-बिलरियागंज मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। छठ पर्व को लेकर खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे लोगों की भीड़ के चलते यातायात का दबाव बढ़ गया।
अजमतगढ़ और बिलरियागंज की ओर से आने वाले वाहन भी जाम में फंसे रहे। वहीं, जीयनपुर-गोरखपुर मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित रहा। गोविंद साहब मेले और छठ पर्व की तैयारियों के चलते बाजार में बढ़ती भीड़ से जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है।
गोरखपुर से आजमगढ़ और आजमगढ़ से गोरखपुर जाने वाले वाहनों को भी घंटों इंतजार करना पड़ा। जाम हटवाने के लिए जीयनपुर चौकी पर तैनात पुलिस और होमगार्ड के जवान लगातार मशक्कत करते रहे। इसके बावजूद वाहन रेंगते नजर आए और लोग घंटों जाम में फंसे रहे।