मेजवां। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर फूलपुर स्थित स्टेट बैंक की शाखा में ट्रेजरी चालान के बनवाने के लिए जुटी भीड़ सोमवार को बेकाबू हो गई। अफरातफरी के दौरान एक महिला उम्मीदवार चोटहिल हो गई। पुलिस के पहुंचे के बाद स्थिति संभली।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिलाधिकारी ने रविवार को भी बैंकों को खोलने का निर्देश दिया था। लेकिन रविवार को भारतीय स्टेट बैंक की फूलपुर शाखा नहीं खुली। इस नाते सोमवार को बैंक खुलने के पहले ही प्रत्याशी और उनके समर्थक वहां जुट गए थे। बैंक खुलते ही भीड़ एक साथ अंदर पहुंची। ट्रेजरी जमा करने के लिए बैंक ने दो काउंटर बनाए थे। वहीं सूचना पट पर ट्रेजरी चालान जमा करने के लिए ढाई बजे तक का ही समय लिखा था। यह देख लोग भड़क गए। इस दौरान बैंक के बाहर अफरातफरी मच गई। इस भगदड़ में एक महिला उम्मीदवार गिर पड़ी। किसी तरह लोगों ने उसे उठाया। बैंक प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला तब जाकर काम सुचारू रूप से शुरू हुआ।