अहरौला थाने के सामने मस्जिद पर नमाज पढ़ते नमाजी।
- फोटो : AZAMGARH
अहरौला/मेजवां।। पूरा विश्व कोरोना वायरस के खतरे से जूझ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को एक स्थान पर भीड़ न जुटाने की अपील की लेकिन प्रधानमंत्री की इस अपील का अहरौला में कोई असर देखने को नहीं मिला। शुक्रवार को अहरौला थाने के सामने स्थित मस्जिद में सैकड़ों की संख्या में लोग जुमे की नमाज अदा करने के लिए जुटे। देश के नामचीन मंदिरों और मस्जिद सभी को बंद कर दिया गया है। वहीं शुक्रवार की जुमे पर अहरौला थाने के ठीक सामने स्थित मस्जिद में लगभग 200 से ज्यादा नमाजी इकट्ठा हुए नमाज अदा किए। हालांकि नमाजियों के द्वारा पहले तो लाउडस्पीकर से खुद कोरोना से सतर्कता की एडवाइजरी दी गई लेकिन खुद मस्जिद में इकट्ठा होकर नमाज अदा की गई।
वहीं मेजवां संवाददाता के अनुसार कोरोना संक्रमण को देखते हुए शुक्रवार को फूलपुर के चमावां गांव में जुमे की नमाज स्थगित कर दी गई। इस दौरान लोगों ने घरों में जुमे की नमाज पढ़ी। घरों में नमाज के बाद मुल्क की सलामती की दुआख्वानी की। इमामे जुमा चमावां मौलाना वसी मुहम्मद खां ने कहा कि देश भर के सभी इमामों से जुमे की नमाज स्थगित करने की अपील की गई है। ऐसे में सार्वजनिक स्वास्थ्य के तहत ऐसा फैसला लिया गया है। कुछ भी हो हमारा मुल्क कोरोना को हराने में कामयाब होगा।