सगड़ी तहसील के देवारा क्षेत्र में बाढ़ के दौरान हुई फसल क्षतिपूर्ति का मुआवजा देने के लिए शासन ने धन निर्गत कर दिया है। जिसमें से जिला प्रशासन को लगभग छह करोड़ 47 लाख रुपये प्राप्त हुए हैं।
प्रशासन को यह मुआवजा किसानों के खाते में भेजना है इसके लिए खातों की फीडिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जैसे ही फीडिंग का कार्य पूरा हो जाएगा मुआवजे का पैसा किसानों के खाते में भेज दिया जाएगा।
देवरांचल में प्रतिवर्ष बाढ़ के दौरान किसानों की फसल बर्बाद होती है। उनके नुकसान का मूल्यांकन कर शासन द्वारा उसकी क्षतिपूर्ति किसानों को दी जाती है। इस बार भी सगड़ी तहसील के लगभग 122 गांव बाढ़ से प्रभावित थे। जिसमें से 52 गांव तो मैरूंड हो गए थे।
इन गांवों के लगभग 2500 हजार किसानों को उनकी फसल की क्षतिपूर्ति दिया जाना है। इसके लिए शासन से बजट निर्गत कर दिया गया है। जिसमें से अपने जनपद के किसानों में क्षतिपूर्ति वितरित करने के लिए लगभग छह करोड़ 47 लाख रुपये प्राप्त हुए है।
तहसील प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के हिसाब से किसानों की डाटा फीडिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। चूंकि यह पैसा किसानों के खाते में आनलाइन भेजा जाना है। इसलिए जब तक फीडिंग का कार्य पूरा नहीं हो जाता इस पैसे को भेजा नहीं जा सकता है। हालांकि फीडिंग का डाटा अभी तक आपदा कार्यालय को प्राप्त नहीं हुआ है।
शासन से आपदा कार्यालय को धन प्राप्त हो चुका है। किसानों की डाटा फीडिंग का कार्य किया जा रहा है। जैसे ही डाटा फीड हो जाएंगे जांच कर पैसों को किसानों के खाते में भेज दिया जाएगा। -वीके गुप्ता, एडीएम वित्त एवं राजस्व।