आजमगढ़। निजामाबाद थाना पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। बेगपुर आइमा कछनिया बाग में मुठभेड़ हुई। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से पुलिस ने तमंचा-कारतूस के साथ ही बाइक भी बरामद की है। पकड़ा गया बदमाश प्रतिबंधित मांस कारोबारी है।
निजामाबाद पुलिस बुधवार की रात क्षेत्र में चक्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्रतिबंधित पशु चोरी व वध कर मांस बेचने वाला एक शातिर अभियुक्त बेगपुर आयमा कछनिया बाग की तरफ आ रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंच कर घेराबंदी कर लिया। कुछ ही देर में बाइक सवार कछनिया बाग के पास पहुंचा तो पुलिस को देखते ही बाइक मोड़ कर भागने का प्रयास किया। बाइक फिसल जाने से वह गिर पड़ा। जिस पर पुलिस उसकी तरफ बढ़ी तो बदमाश ने पास रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की तो बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। घायल बदमाश की पहचान 25 हजार के इनामी मो. सरफराज निवासी मुइयां मकदूमपुर थाना निजामाबाद के रूप में की गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज कर भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने तमंचा-कारतूस व बाइक बरामद किया है।