तरवां। थाना क्षेत्र के बांसगांव गांव के पास बृहस्पतिवार की अलसुबह संदिग्ध परिस्थिति में अधेड़ का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त ओमप्रकाश गिरी (55) पुत्र कल्पनाथ गिरी निवासी खजुरा थाना तरवां के रूप में हुई। मृतक 18 साल बाद अपने घर आया था और 11 अक्टूबर को अपने बहन के घर जाने की बात कहकर निकला था।
तरवां थाना क्षेत्र के खजुरा गांव निवासी 55 वर्षीय ओमप्रकाश गिरी पुत्र कल्पनाथ गिरी 2005 में अपना जमीन बेचकर घर से गायब हो गए थे। लगभग 18 वर्ष बीतने के बाद वह 10 अक्टूबर 2023 को लगभग आठ बजे रात में अपने घर पहुंचे। घर वालों ने पहचानने से इनकार कर दिया। जब ओमप्रकाश गिरी ने अपना परिचय बताया तो लोगों ने उन्हें खाना पानी दिया। दूसरे दिन अपने बहन के घर जाने को कह कर घर से चले गए। बृहस्पतिवार को लगभग चार बजे बांसगांव डिग्री कॉलेज के पास ओमप्रकाश का शव मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।