गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
क्या है पूरा मामला
सीओ भुड़कुड़ा शुभम वर्मा ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नंदगंज पुलिस हाईवे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना नंदगंज में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने हाईवे से ग्राम रेवसा जाने वाले लिंक मार्ग पर घेराबंदी की।
सीओ के अनुसार खुद को घिरता देख बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान मोनू यादव पुत्र प्रेम बहादुर उर्फ मुलायम यादव निवासी जरासी थाना चंदवक जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। सीओ भुड़कुड़ा ने बताया कि आरोपी पर गाजीपुर और आजमगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 15 मुकदमे दर्ज हैं। नंदगंज थाना पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।