अतरौलिया थाना क्षेत्र के बाबा बहिरादेव मार्ग पर मंगलवार की भोर में बांसगांव के पास एक अधेड़ का हत्या कर फेंका हुआ शव मिला। मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई लेकिन घटना स्थल पर पुलिस के देरी से पहुंचने से नाराज लोगों ने आजमगढ़-फैजाबाद मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम बूढ़नपुर और तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझाकर चक्काजाम खुलवाया और पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
मंगलवार की भोर में दौड़ लगाने निकले लड़कों ने बाबा बहिरादेव मार्ग पर सड़क के किनारे एक शव देखा। उनके शोर मचाने पर लोग मौके पर जुट गए। इस बीच किसी ने मृतक की शिनाख्त अतरौलिया थाना क्षेत्र के डडवा जमीन दसांव गांव निवासी हरीमन (45) पुत्र छांगुर के रूप में की। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना घरवालों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि मृतक छांगुर सोमवार को किसी जमीन की पैरवी करने के लिए आजमगढ़ जाने को कहकर घर से निकला था लेकिन उस दिन वह वापस नहीं आया। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
सूचना के बाद भी जब काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो आक्रोशित लोगों ने शव को आजमगढ़-फैजाबाद मार्ग पर रखकर सुबह सात बजे चक्काजाम कर दिया। काफी देर बाद पहुंची पुलिस को देख लोग अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस के समझाने पर भी लोगों ने शव को नहीं ले जाने दिया। तभी वहां एसडीएम बूढ़नपुर छेदीलाल सिंह और क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर यूएन मिश्रा, एसओ अतरौलिया विवेक यादव और जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र पांडेय पहुंचे। उन्होंने अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने का आश्वासन देकर जाम को समाप्त करा दिया। तब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के सिर पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया था।
मृतक के भाई हरीलाल ने दो के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।मृतक छांगुर घर पर रहकर खेतीबारी करता था। मृतक की पत्नी की 15 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। उसका बड़ा बेटा वेदप्रकाश (20) वर्ष दिल्ली में नौकरी करता है। घर पर 19 वर्षीय पुत्री ऋतु, पुत्र विशाल (16), सबसे छोटा पुत्र 12 वर्षीय छोटेलाल और छांगुर की वृद्घ मां श्यामदुलारी रहती है। क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर के यूएन मिश्रा का कहना है कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।