मुबारकपुर कस्बे के बड़ी अर्जेंटी के पास शनिवार की दोपहर बाइक सवार दो युवक वृद्ध को झांसा देकर 24 हजार रुपये छीनकर भाग गए। पीड़ित जब रोने लगा तो वहां भीड़ जुट गई। लोगों के कहने पर उसने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी।
मुबारकपुर थाने के डिलियां गांव निवासी इंद्रबली सिंह खेतीबारी करते हैं। वह मुबारकपुर एसबीआई शाखा में अपने खाते से 24 हजार रुपये निकाले। रुपये एक थैले में रखकर पैदल ही घर चल दिए। जैसे ही वह बड़ी अर्जेंटी के पास पहुंचे, बाइक सवार दो बदमाश किसी तरह उनके झोले में सोने जैसी चमकीली गुल्ली डाल दी।
तलाशी के बहाने इंद्रबली से झोला छीनकर भाग गए। शोर मचाते हुए इंद्रबली ने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया। जब वे आंखों से ओझल हो गए तो बीच सड़क पर बैठकर इंद्रबली रोने लगा।
इस दौरान वहां लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों के कहने पर पीड़ित थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी। थानाध्यक्ष मुबारकपुर रामसूरत यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल में जुटी है।
खाते से निकाल लिए पांच हजार ः मालटारी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कठइचा गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक के खाते से जालसाज ने पांच हजार रुपये निकाल लिया। पीड़ित जगरन्नाथ मिश्र आठ दिसंबर को जीयनपुर कस्बा स्थित एसबीआई के एटीएम से एक हजार रुपये निकाले।
वहां दो युवक पहले से मौजूद थे। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर पांच हजार रुपये और निकलने का मैसेज आया। कोतवाल जीयनपुर छत्रजीत सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज है। मामले की जांच की जा रही है।
एटीएम कार्ड बदलकर निकाल लिया पैसा ः बलरामपुर/बिंद्राबाजार। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर बदमाशों ने एटीएम कार्ड बदल कर 33 हजार रुपये निकाल लिए। इससे लोगों में सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में तहरीर दी जा चुकी है लेकिन मामला दर्ज नहीं है। पुलिस जांच कर रही है।
पहली घटना मेहनगर में हुई। कस्बा स्थित एटीएम से शनिवार की सुबह रुपये निकालने पहुंचे विषहम गांव का निवासी अकील अहमद का एटीएम बदलकर दो जालसाज उसके खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर आए अलर्ट मैसेज के जरिए घटना की जानकारी हुई। उसका यूबीआई में खाता है।
एटीएम केबिन में वह जैसे ही घुसा, पीछे से दो अन्य युवक भी घुस गए। किसी बहाने से अकील का एटीएम कार्ड मांगकर उसे दूसरा कार्ड देकर भाग गए। थानाध्यक्ष मेहनगर विनोद सोनकर ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। दूसरी घटना गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्राबाजार में हुई।
पीड़ित सलमान पुत्र शाहआलम बिंद्राबाजार का निवासी है। बाजार में स्थित यूबीआई शाखा में उसका खाता है। दो जनवरी को वह कस्बे में लगे एटीएम से रुपये निकालने पहुंचा। जहां पहले से तीन लोग मौजूद थे।
इनमें से एक नि:शक्त था। तीनों जालसाज देखने के बहाने सलमान से उसका एटीएम कार्ड ले लिया। बदलकर उसे दूसरा कार्ड थमाकर भाग गए। शनिवार को सलमान पुन: रुपये निकालने के लिए एटीएम पहुंचा तो उसका कार्ड काम नहीं किया। बैंक में संपर्क करने पर कार्ड बदले जाने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।