मिर्जापुर में घरवालों को कमरे में बंदकर चोरी
मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के चेतगंज बाजार में गुरुवार की रात घर में घुसे चोरों ने घरवालों को कमरे में बंदकर 10 हजार रुपये व जेवरात समेत सात लाख की चोरी कर ली। क्षेत्र के चेतगंज बाजार में गुरुवार की रात चोर विनोद कुमार अग्रहरि के घर में छत के रास्ते घुसे। विनोद, पत्नी लक्ष्मी देवी, पुत्री प्रिया व पुत्र निखिल सो रहे थे। बाहर से दरवाजे की कुंडी चढ़ा दी।
दूसरे कमरे का ताला तोड़कर कमरे में घुसकर बॉक्स में रखा आभूषण निकाल लिया तथा दो बॉक्स घर से लगभग 150 मीटर दूरी अरहर के खेत में ले जाकर तोड़े और उसमें रखा आभूषण चोरी कर ले गए। शुक्रवार की भोर किसी काम से उठे विनोद ने जब बाहर से दरवाजा बंद पाया तो पत्नी को जगाया। उन्होंने शोर मचाना शुरू किया।
पड़ोसी को फोन करने पर दरवाजा खुला। देखा कि घर के पीछे जाने वाली गैलरी का दरवाजा खुला था, सामान बिखरा पड़ा था। पत्नी लक्ष्मी ने आसपास के लोगों को सूचित कर पीआरवी पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पीआरवी पुलिस तथा चौकी चेतगंज प्रभारी पहुंच कर मौका मुआयना किया।
विनोद कुमार ने बताया कि सोने का हार, दो मंगलसूत्र, मांग टीका, तीन सोने की चेन ,पांच अंगूठी ,मीना इत्यादि लगभग सात लाख रुपए का आभूषण व 10 हजार रूपये नगद चुरा ले गए। गृह स्वामी विनोद कुमारब अग्रहरि ने पुलिस चौकी चेतगंज में तहरीर दी है।