आजमगढ़। धार्मिक स्थल के चबूतरे पर चप्पल पहनकर जाने का विरोध करने पर मनबढ़ युवकों ने दो युवकों को मारपीट कर घायल कर दिया। इसकी जानकारी के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना पाकर सीओ फूलपुर, थानाध्यक्ष सरायमीर, दीदारगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया।
घायल युवकों का स्थानीय स्तर पर उपचार चल रहा है घटना सरायमीर थाना क्षेत्र के नोनारी गांव में शुक्त्रस्वार की देर शाम हुई।
नोनारी गांव स्थित राजभर बस्ती के पास सड़क किनारे शिव मंदिर की स्थापना की गई है। मंदिर स्थल के समीप राजभर बस्ती के कतिपय युवक शुक्त्रस्वार की शाम दुर्गा प्रतिमा स्थापना के लिए पंडाल का निर्माण कर रहे थे। शाम करीब सात बजे गांव के ही रहने वाले दूसरे वर्ग के युवक पांच-छह की संख्या में वहां पहुंचे।
मंदिर के चबूतरे पर चप्पल पहनकर जाने का विरोध करने पर मनबढ़ युवकों ने विरोध करने वाले सुरेंद्र (20) पुत्र सुभाष राजभर व रविंद्र (18) पुत्र संतलाल को मारपीट कर घायल कर दिया।
घटना की जानकारी के बाद राजभर बस्ती के लोग मौके पर पहुंच गए। उधर दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंचे और दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी।
दो समुदायों के बीच हुए विवाद की जानकारी के बाद क्षेत्राधिकारी फूलपुर संतोष सिंह, सरायमीर थानाध्यक्ष रामनरेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। घायल युवकों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।
घटना के संबंध में अभी थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सरायमीर का कहना है कि शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस मामले में तहरीर का इंतजार कर रही है।