छेड़खानी के विवाद में शनिवार की शाम सात बजे रानी की सराय थाने के कोटिला गांव मेें दो समुदायों के लोग आमने-सामने हो गए। मारपीट और पथराव में दोनों तरफ के तीन लोग घायल हो गए। इनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में एक की हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को शांत कराया। गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है। 16 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। दोनों पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसओ रानी की सराय मिथिलेश मिश्र के अनुसार कोटिला गांव निवासी एक समुदाय के दो युवकों ने शनिवार की शाम सात बजे दूसरे समुदाय की बस्ती में जाकर ताड़ी पी थी और नशे में धुत होकर वहां की महिलाओं और युवतियों पर फब्तियां कसते हुए छेड़खानी करने लगे थे। इस पर बस्तीवालों ने उन्हें लात, घूसों से पीट दिया। युवकों के पीटे जाने की सूचना उनके मुहल्ले वालों को हुई तो वे लाठी, डंडे से लैस होकर दूसरे समुदाय की बस्ती में घुस गए और एक युवक को पीटने लगे।
इससे बस्ती में हड़कंप मच गया। दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने हो गए। मारपीट के साथ ईंट-पत्थर भी चलने लगे। ऐन वक्त पर पुलिस पहुंच गई और मामला शांत कराते हुए घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में एक पक्ष से नसीम (32), अरमान (28) तथा दूसरे पक्ष से हरिश्चंद राम शामिल हैं। अस्पताल में नसीम की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के संबंध में एक पक्ष से शैरुनिशा पत्नी दिलशेर ने दस नामजद और 15 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। जबकि दूसरे पक्ष से रामलोचन ने नौ नामजद और 15 अज्ञात को आरोपित किया है।
पुलिस ने संगीन धाराओं में केस दर्ज कर एक पक्ष से मो. मोअज्जम, मो. मोहीन, मुदीन, अरमान, वसीम और इरशाद अहमद और दूसरे पक्ष से कैलाश, सुनील, फेंकू, संजय, रविंद्र, त्रिलोकी, अभिषेक, बजरंगी, जितेंद्र और कतवारु को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ सदर योगेंद्र सिंह ने बताया पुलिस की सक्रियता के चलते बड़ी घटना होते-होते टल गई। स्थिति नियंत्रण में है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। दोनों तरफ के सोलह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया गया। एहतियातन गांव में फोर्स तैनात है।