सऊदी अरब अमीरात भेजने के नाम पर थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव के एक जालसाज ने 25 युवकों से अस्सी-अस्सी हजार रुपये की ठगी की है। मामला तब प्रकाश में आया, जब इनमें से कुछ युवक गत 27 दिसंबर को बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्रत्त्ी हवाईअड्डे पर पहुंचे। वहां इनके बीजा और टिकट फर्जी मिले। इसके बाद इनका माथा ठनका और साथ के युवकों को भी आगाह किया। सभी रविवार को अहरौला थाने पहुंचे और मामले की तहरीर दी। पुलिस जांच में जुटी है।
थाने पहुंचे अंबेडकर नगर जनपद के आलापुर थाना क्षेत्र के मझगांवा गांव निवासी अब्दुल रहमान, सहजाद, नसरे आलम, एजाज अहमद ने तहरीर में बताया है कि अहरौला थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव निवासी समीम पुत्र सज्जाद ने उनसे ठगी की है। बताया कि उन्हें पता चला कि समीम लोगों को सऊदी अरब अमीरात में नौकरी के लिए युवकों को भेजता है। इस पर उनके समेत अंबेडकरनगर और आजमगढ़ के कुल 25 युवक समीम के पास गए।
उसने सभी से कागजात बनवाकर सऊदी अरब अमीरात भेजने के लिए अस्सी-अस्सी हजार रुपये लिए। धन लेने के बाद अब्दुल रहमान, सहजाद, नसरे आलम, एजाज अहमद को 27 दिसंबर की एअर इंडिया का टिकट और वीजा दिया। जब ये लोग बाबतपुर हवाई अड्डे पर पहुंचे तो इनका बीजा और टिकट जांच में फर्जी पाया गया। चारों को वहां से घर लौटना पड़ा। रविवार को ये लोग गढ़ा गांव में समीम के घर पहुंचे तो वह नहीं मिला।
वहां मकान का निर्माण चल रहा था। युवकों ने वहां लोगों से समीम के बारे में पूछताछ की तो बाद में पता चला कि जालसाज लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगता आया है।
इसके साथ और भी लोग हैं। रविवार को सभी अहरौला थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष विजय प्रकाश ने कहा कि तहरीर मिल गई है। वह मामले की जांच पड़ताल के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करेंगे। एसपी, दयानंद मिश्रा ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। इसे पता कर मुकदमा दर्ज कराकर जांच कराई जाएगी।
-