गंभीरपुर थाना के जित्तूगंज के पास स्थित पेट्रोलपंप पर सोमवार की शाम सात बजे ट्रक ड्राइवर के बेटे को बदमाशों ने गोली मारकर 60 हजार रुपये लूट लिया। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदपुर लाया गया, उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना गंभीरपुर के अबुसाईदपुर निवासी राम बदन पुत्र श्याम केवल यादव और उसका पुत्र अखिलेश यादव (18) ट्रक चलाते हैं। राम बदन मिर्जापुर से गिट्टी लादकर गोरखपुर गया था। वहां से वह वापस आ रहा था। अपने गांव के पास स्थित जित्तूगंज में पेट्रोल पंप पर तेल भराया। बाप और बेटे दोनों काउंटर पर पैसा जमा करने गए।
तभी दो बाइक पर सवार 5 बदमाश काउंटर पर आए और राम बदन से रुपए छीनने लगे। यह देख अखिलेश ने बीचबचाव किया और बदमाशों से उसकी हाथापाई होने लगी। इसी बीत बदमाशों ने गोली चला दी। गोली उसके बाएं जबड़े पर लगी। बदमाश रामबदन के पास से लगभग 60 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।