शहर के रैदोपुर स्थित स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के बाहर मंगलवार की दोपहर बाइक सवार बदमाश रोडवेज के सेवानिवृत्त कर्मचारी का रुपयों से भरा बैग छीन ले गए। बैग में तीन लाख रुपये थे। पीड़ित के साथ गए उनके पौत्र ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वे झटका देते हुए भाग निकले। इस दौरान वहां मौजूद पांच पुलिसकर्मी तमाशबीन बने रहे। डीआईजी ने प्रभारी एसपी के साथ घटनास्थल का मुआयना किया और मामले का जल्द खुलासा करने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई का आदेश दिया। प्रभारी एसपी ने पांचों पुलिस कर्मियों को लाइनहाजिर कर दिया है।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के अचलीपुर गांव निवासी आद्या पांडेय रोडवेज के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। 28 अप्रैल को उनकी बेटी की शादी थी। उस दौरान उन्होंने कुछ रुपये उधार लिए थे, जिसे चुकाने के लिए मंगलवार को वे बैंक से रुपये निकालने अपने पौत्र अजय पांडेय (30) के साथ स्कार्पियो से गए थे। रैदोपुर स्थित स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के बाहर गाड़ी खड़ी कर दोनों लोग बैंक में गए। वहां से तीन लाख रुपये निकाले और उन्हें बैग में रखकर बाहर निकलकर गाड़ी की ओर बढ़े।
वे बैंक गेट से करीब 25 मीटर दूर खड़ी अपनी गाड़ी के समीप पहुंचे कि पीछे से बाइक पर आए दो बदमाश झपट्टा मारकर रुपये से भरा बैग छीन ले गए। अचानक हुई घटना से आद्या एक क्षण के लिए भौचक रह गए। मगर ने बदमाशों को दबोचने का प्रयास किया लेकिन वे झटका देते हुए भाग निकल। इस दौरान वहीं पास में बैंक ड्यूटी के लिए खड़े पांच पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। दिनदहाड़े छिनैती की सूचना पर डीआईजी उमेश चंद श्रीवास्तव, एसपी सिटी डा. विपिन ताड़ा, सीओ सिटी डा. केके सरोज ने घटनास्थल का मुआयना किया। डीआईजी उमेशचंद श्रीवास्तव ने घटना का खुलासा जल्द करने और जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई का आदेश दिया।