आजमगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के कोठरा गांव के प्रधान की हत्या प्रधानी की रंजिश और आशनाई में की गई थी वहीं, रौनापार थाना क्षेत्र के सेठाकोली गांव के प्रधान को सुपारी देकर गोली मरवाया गया था। दोनों ही मामले में शूटर एक ही थे। पुलिस ने दोनों वारदातों में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन फरार हैं।
12 जुलाई को रात नौ बजे शहर से बाइक से घर लौट रहे नगर कोतवाली के जीयनपुर कोठरा के प्रधान को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें बनारस में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी मौत हो गई थी। वहीं, 16 जुलाई की रात रौनापार थाना क्षेत्र के सेठाकोली के प्रधान राम प्रवेश चौहान को भी बाइक से जाते समय हाफिजपुर चौराहे के पास गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में प्रधान को जिला अस्पताल से बनारस रेफर कर दिया गया था। प्रधान की आंखों की रोशनी चली गई है और हालत गंभीर बनी हुई है। लगातार दो घटनाओं से पुलिस के होश उड़े हुए थे। उन्होंने सेठाकोली मामले में पूर्व प्रधान बृजेश यादव और उमेश चंद्र यादव निवासी जीयनपुर कोठरा को गिरफ्तार किया था, लेकिन मामले के खुलासे दबाव बना हुआ था।
गुरुवार को पुलिस ने यूनियन बैंक उकरौड़ा के पास से आरोपी राजन यादव उर्फ रूपेश यादव पुत्र प्रमोद यादन निवासी जीयनपुर को गिरफ्तार किया। वहीं, अमवारी नहर की पुलिया के पास से चोरी की मोटरसाइकिल और असलहों के साथ नागेंद्र यादव पुत्र हरेंद्र यादव निवासी केशवपुर थाना जीयनपुर, कामरान पुत्र अब्दुल वारी निवासी नुरुद्दीनपुर थाना जीयनपुर, रजनीश यादव पुत्र वंशराज यादन निवासी मैरापुर थाना मुबारकपुर को पकड़ा। अभी इस मामले में मंगल यादव पुत्र रमई यादव निवासी जीयनपुर कोठर, शैलेंद्र यादव पुत्र रामचंद्र यादव निवासी लोहरई, सिधारी और संतोष पुत्र दुर्ग विजय, निवासी गढ़वल जीयनपुर फरार हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया की दोनों ही हत्याओं में सभी शामिल थे। डीआईजी ने मामले का खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।