आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के मंगई नदी के किनारे गुरुवार को मिला शव महिला मऊ के वार्ड नंबर 10 की पूर्व सभासद का था। परिवार के लोगों की माने तो बुधवार को महिला को किसी ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। महिला अभी अविवाहित थी और उसकी दो बहनों की शादी शहर में ही हुई है। हत्या का आरोप उसके जीजा पर लग रहा है।
मेंहनगर थानाक्षेत्र के गांव टोडरपुर के पास चिरैयाकोट-कम्हरिया मार्ग पर मंगई नदी पर बने पुल के नीचे से गुरुवार सुबह महिला का शव बरामद हुआ था। उसके चेहरे और गले पर चाकू के कई वार थे। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया था।
शनिवार को पड़ोसी मऊ जिले से पहुंचे अजय और कुछ महिलाओं ने उसकी शिनाख्त अपनी बहन के रूप में की। चचेरे भाई अजय और अन्य बहनों ने बताया कि महिला का नाम इंदुमती सोनकर है। वो वर्ष 2005 में मऊ नगर पालिका वार्ड 10 दुर्जनराय नगर (राय का पुरा) से सभासद रह चुकी है।
वर्तमान में बसपा की सक्रिय नेता थी। बुधवार को इंदूमती को किसी ने फोनकर मिलने के लिए बुलाया था। इसके बाद से उसका पता नहीं चल रहा था। कुछ आठ बहनों में इंदूमती चौथे नंबर पर थी। दो बहनों में संजू की शादी राजू सोनकर निवासी पहाड़पुर आजमगढ़ और तारा की शादी इसरी सोनकर निवासी टेढ़िया मस्जिद आजमगढ़ में हुई है।
मेंहनगर थाना क्षेत्र में मिले महिला के शव की शिनाख्त हो गई है। अभी परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी सिटी
मोर्चरी पर आपस में भिड़ी बहनें, हत्या का लगाया आरोप
महिला की शिनाख्त के लिए मोर्चरी पर उसकी बहनें सुशीला, सित्तो, बिंदो, मंजू, संजू और नमिता पहुंची थीं। वो अपने जीजा इसरी सोनकर पर हत्या का आरोप लगा रही थी। उनका कहना था कि रुपये के लेनदेन इंदूमती की हत्या की गई है। इस दौरान उनकी बहन तारा भी मौके पर पहुंची।
सभी की आपस में तूतू- मैंमैं होने लगी। मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। अन्य लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। बताया जाता है कि इंदूमती ही घर की मुखिया थी और सारी जिम्मेदारी उस पर थी।
चोकू से गोदने से हुई थी मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि इंदूमती की चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। चाकू से उसके दोनों गाल को फाड़ा गया था। अन्य स्थानों पर भी चाकू से गहरे जख्म किए गए थे। इंदूमती ने बचने के लिए काफी संघर्ष किया था। इस प्रयास में उसकी हथेलियां भी कट गई थीं। पोस्टमार्टम में रेप की पुष्टि नहीं हुई है। स्लाइड बनाई गई है। जांच के लिए फोरेसिंक लैब भेजा जाएगा।