गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सैदपुरवा गांव के पास गुरुवार की दोपहर एक बाइक पर सवार तीन बदमाश तमंचे से भयभीत कर समूह संचालक के एजेंट से 56 हजार रुपये लूट लिया। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। जबकि पीड़ित युवक थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए इधर-उधर छापेमारी की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
लालगंज बाजार में एक समुह संचालक का कार्यालय है। यह संस्था महिलाओं को रोजगार करने के लिए कर्ज देती है। संस्था के एजेंट बाद में उनसे वसूली करके लाते हैं। गुरुवार को संस्था के दो एजेंट वसूली करने के लिए नगर पंचायत मेंहनगर गए हुए थे।
वहां से वसूली कर 56120 रुपये लेकर लालगंज बाजार स्थित संस्था के कार्यालय आ रहे थे। इन युवकों में एक मनोज जोशी और दूसरा प्रमोद कुमार है। जैसे ही यह दोनों गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सैदपुरवा गांव के पास पहुंचे कि एक बाइक पर सवार तीन बदमाश पीछे से इन्हें ओवरटेक कर आगे निकले और बीच रास्ते में अपनी बाइक खड़ी कर दिया। जिससे मनोज और प्रमोद को अपनी बाइक रोक देनी पड़ी। जैसे ही एजेंटों की बाइक रुकी की बदमाश उनके कनपटी पर तमंचा सटा दिया और इनके पास मौजूद रुपये लूट लिया।
तीनों बदमाश एक काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार थे। घटना के बाद प्रमोद और मनोज गंभीरपुर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। लूट की सूचना से हलाकान प्रभारी निरीक्षक गंभीरपुर मंजय सिंह उन्हें पकडने के लिए सक्रियता दिखाई। लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी थी। सीओ सदर सच्चिदानंद ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है।