तगादा का पैसा वसूल कर मेहनगर से सवारी जीप से देर शाम आजमगढ़ लौट रहे मुनीब से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर 90 हजार रुपये लूट लिए। जीप से न उतरने पर बदमाशों ने पहले मुनीम को पीटा और उसका कपड़ा भी फाड़ डाला। मेहनगर थाने पर फोन से इसकी सूचना दी गई लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित गंभीरपुर थाने पहुंचा। घटना की सूचना मिलने पर एसपी सिटी समेत कई थाने की फोर्स वहां पहुंच गई। देर रात कर पीड़ित युवक से पूछताछ की जा रही थी।
बता दें कि शहर निवासी व्यापारी मनोज खेतान की सीमेंट की एजेंसी है। शहर का रहने वाला इंद्रभूषण पांडेय उनके यहां मुनीम का काम करता है। बुधवार की सुबह जहानागंज, तरवां, बोंगरिया बाजार से वह वसूली करने गया था। वसूली के 90 हजार रुपये लेकर वह मेहनगर से सवारी जीप में बैठकर आजमगढ़ जा रहा था। रास्ते में मंगरावा डिग्री कालेज के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने जीप को ओवरटेक कर जीप को रोकवाकर लिया। वे इंद्रभूषण को गाड़ी से नीचे उतारने लगे। उनका विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचा सटा दिया। उसका कपड़ा फाड़कर पीटने लगे। इंद्रभूषण कपड़े के अंदर रुपये छुपाकर रखा हुआ था।
उन्होंने जेब से रुपये निकाल लिए। वारदात को बदमाश भाग गए। पीड़ित ने इसकी सूचना फोन से मेहनगर थाने पर दी लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। इंद्रभूषण ने गंभीरपुर थाने के बिंद्राबाजार में सीमेंट एजेंसी धारक एक व्यक्ति को फोन किया। वह मौके पर पहुंचा और इंद्रभूषण को लेकर गंभीरपुर थाने पर गया। लूट की सूचना पर गंभीरपुर थाने पर प्रभारी एसपी डॉ. विपिन ताडा, सीओ सदर केके सरोज समेत कई थानों की फोर्स पहुंच गई। पीड़त ने गंभीरपुर थाने पर तहरीर दी। अभी पूछताछ की जा रही है।
सराफा की दूकान से दो लाख के गहने लूटे : ऊंचेगांव बाजार में बुधवार की दोपहर दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने सराफा की दूकान से दो लाख के गहने लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए मेंहनगर की ओर भाग निकले। देर शाम घटना की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। मौके पर पहुंचे प्रभारी एसपी डा. विपिन ताडा ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
शहर के फराशटोला मुहल्ला निवासी पिंटू सेठ की रानी की सराय के ऊंचेगांव बाजार में आभूषणों की दूकान है। बुधवार की दोपहर करीब सवा बारह बजे वह अपनी दूकान की साफ-सफाई कर रहा था। तभी दो बाइक से पांच लोग आए और आभूषण खरीदने के बहाने काफी गहने निकलवा लिए। इसके बाद वे आभूषण समेटने लगे। पिंटू ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे तमंचा सटा दिया। इससे घबराकर उसने दूकान के भीतर छुपने की कोशिश की पर बदमाशों ने उसे बाहर खींच लिया। इस दौरान कारोबारी और बदमाशों में हल्की हाथापाई भी हुई। बाद में बदमाशों ने तिजोरी खुलवाकर उसमें रखे गहने भी निकाल लिए।
करीब दो लाख रुपये के आभूषण लूटकर बदमाश तमंचा लहराते हुए मेंहनगर की ओर भाग गए। उनके जाने के बाद कारोबारी ने शोर मचाया तो वहां भीड़ जुट गई। दिनदहाड़े हुई वारदात से दूकानदारों में दहशत है। वारदात की सूचना मिलने पर प्रभारी एसपी/एसपी सिटी डा. विपिन ताडा, सीओ सिटी अनिल कु्मार, सदर केके सरोज, प्रभारी एसओ रानी की सराय रमाशंकर यादव मौके पर पहुंच गए।