स्थानीय डॉट सेंटर में सामानों के गोलमाल का मामला प्रकाश में आया है। अस्पताल कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य केंद्र के सामानों को कहीं और भेजकर मेहनाजपुर भेजने की बात कहीं जा रही है। जबकि मेहनाजपुर में एलटी द्वारा किसी भी सामान के आने से इंकार किया जा रहा है।
जिला चिकित्सालय से डेढ़ माह पूर्व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर के डाट विभाग के लिए नई दो अदद आलमारी, फर्नीचर और अन्य सामान को भेजा गया था। विभाग में तैनात कर्मचारियों द्वारा लगभग 20 दिन पूर्व सामान को पिकअप में लादकर कहीं और भेज दिया गया।
इसकी जानकारी जब अन्य कर्मचारियों को हुई तो धीरे-धीरे यह बात मीडियाकर्मियों तक पहुंच गई। मीडियाकर्मियों ने जब प्रभारी चिकित्साधिकारी रमेश सोनकर से इस संबंध में पूछा तो उन्होंने कहा कि इस विभाग की जानकारी और रखरखाव जिला मुख्यालय से संचालित होता है। जबकि उपरोक्त सामान जब स्वास्थ्य केंद्र पर आया तो सभी ने देखा लेकिन उसे भेजा कहां गया इसकी जानकारी किसी को नहीं है।
वहीं डॉट विभाग में तैनात सुपरवाइजर धर्मेंद्र राम ने बताया कि मंैने सामान मेहनाजपुर भेज दिया है। जब मेहनाजपुर में तैनात एलटी मुन्ना प्रसाद वर्मा से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि 15 मई 2015 के बाद यहां कोई सामान नहीं आया है।
अभी मैंने कार्यभार ग्रहण किया है। अगर ऐसा हुआ है तो इसकी जांचकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डा. अरविंद सिंह, जिला छय रोग अधिकारी