रानी की सराय और तरवां थाना क्षेत्र की एक महिला सहित दो लोगों ने गुरुवार को संबंधित थाने में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई। दोनों ने छह लोगों को आरोपित किया है। उनका आरोप है कि पानी बहाने के विवाद और रंजिश के चलते मनबढ़ों ने पीटकर उन्हें घायल कर दिया। रानी की सराय थाना क्षेत्र के बरती गांव निवासी सरस्वती देवी पत्नी गोरिक सरोज ने गुरुवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें गांव के आलोक पुत्र बृजराज सहित चार लोगों को आरोपित किया है। सरस्वती का आरोप है कि नाबदान से बहने वाले पानी के विवाद को लेकर गुरुवार की शाम विपक्षियों ने मार पीटकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसी क्रम में तरवां थाने में केस दर्ज कराने वाले उधरी गांव निवासी संपत बनवासी ने गांव के बद्री यादव सहित दो लोगों को आरोपित किया है। संपत का आरोप है कि आरोपियों ने रंजिशन गुरुवार की शाम उसकी पिटाई कर दी और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया।