सरायमीर थाना क्षेत्र के चकहवेली खानकाह से सोमवार को लापता सात वर्षीय बालक का शव मंगलवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित पुराने मकान के खंडहर से बरामद हुआ। सिर कूंचकर उसकी हत्या की गई थी। बालक की मां की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
आकाश पुत्र ओमप्रकाश सोमवार को अपराह्न लगभग दो बजे संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया था। परिवार के लोगों ने काफी तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चला। मंगलवार सुबह करीब छह बजे दैनिक क्रिया से निवृत्त होने निकले गांव के लोगों ने उसका शव उसके घर से कुछ दूर खंडहर में देखा।
उनके शोर मचाने में गांव वालों के साथ ही घर वाले भी पहुंच गए। बालक के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या की गई थी। उसके हाथ और पैर रस्सी से बंधे थे। चेहरे और पेट में भी चोट के निशान थे। बालक की इतनी बेरहमी से की गई हत्या ने सबको अवाक कर दिया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांववालों की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आकाश तीन भाइयों में सबसे छोटा और कक्षा दो का छात्र था। पिता ओमप्रकाश विदेश में रहता है। मामले में फूलपुर सीओ एसके सिंह ने बताया कि बच्चे की मां की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। संदिग्धों की तलाश की जा रही है। बच्चे के परिवार की किसी से रंजिश नहीं होने के कारण घटना के कारणों का पता नहीं चल पा रहा है।