अतरौलिया/बलरामपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र के बासगांव में सड़क किनारे सोमवार की सुबह हत्या कर सफाईकर्मी की फेंकी हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। उसके जेब से मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान हुई।
घर वालों ने बताया कि वह रविवार की रात आठ बजे अंबेडकर नगर जिले के अन्नावा बाजार में ढाबे पर भोजन कर रहा था। यहीं से गायब हो गया। जबकि उसकी बाइक, मोबाइल, चश्मा, चप्पल आदि ढाबे से मिला। इस मामले में अतरौलिया पुलिस ने हादसे का मुकदमा दर्ज किया है। इसे निल में दर्ज कर अहरौली थाना अंबेडकरनगर भेजा जाएगा।
जबकि उसके पिता ने हत्या का आरोप लगाया। मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
अंबेडकर नगर जिले के कटेहरी थाना क्षेत्र के करमपुर गांव निवासी रुद्र प्रताप सिंह (35) पुत्र अवधेश सिंह सफाईकर्मी था। सोमवार की सुबह उसकी लाश अतरौलिया थाना क्षेत्र के बासगांव सड़क के किनारे फेंकी मिली।
उसका दाहिना हाथ और दाहिना पैर कई खंड में टूटा हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर अतरौलिया थाना प्रभारी शिशिर त्रिवेदी मौके पर पहुंचे। युवक के जेब से मिले कागजात के आधार पर उसके घर वालों को सूचना दी गई।
जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि रुद्र प्रताप सिंह रविवार को दिन में तीन बजे घर से निकला था। रात करीब आठ बजे वह अन्नावा बाजार में स्थित ढाबे पर एक अन्य युवक के साथ भोजन कर रहा था। यहीं से गायब हो गया।
जबकि रुद्र का चप्पल, मोबाइल, बाइक और चश्मा ढाबे पर पड़ा हुआ था। दो भाईयों में छोटा रुद्र प्रताप सिंह एक बेटी का पिता था। अतरौलिया पुलिस की सूचना पर अंबेडकर नगर जिले की पुलिस उस युवक को हिरासत में ले ली है। जिसके साथ बैठकर वह भोजन कर रहा था। रुद्र के पिता ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया।
जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क हादसा मान रही है। हालांकि पुलिस बगैर मौत का कारण स्पष्ट हुए कुछ भी बताने से इंकार कर रही है। सीओ बूढनपुर श्यामनरायण ने बताया कि मौत का जो भी कारण स्पष्ट होगा। उसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।