निजामाबाद। शहर से सटे आरटीओ आफिस के पास मंगलवार की सुबह अनियंत्रित स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार लेखपाल की मौत हो गई। पुलिस ने उसकी लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। घटना के समय लेखपाल निजामाबाद तहसील में ड्यूटी करने जा रहा था। बाइक चलाते समय वह हेलमेट नहीं लगाए थे। साथी की मौत से दुखी निजामाबाद तहसील के लेखपालों में काम ठप कर दिया। लोग पीड़ित परिवार के सहयोग के लिए जिला मुख्यालय रवाना हो गए। लेखपालों के जाने से तहसील दिवस का काम भी ठप पड़ गया। मृत मोहित राम (45) पुत्र इनरु सिधारी थाना क्षेत्र के राउतमऊ गांव के निवासी थे। वह लेखपाल थे और वर्तमान समय में निजामाबाद तहसील में तैनात थे। मंगलवार को तहसील दिवस होने की वजह से मोहित सुबह करीब नौ बजे अपने घर से बाइक लेकर तहसील जा रहे थे। जैसे ही वह आरटीओ कार्यालय से थोड़ा आगे बढ़े कि सामने से आ रही अनियंत्रित स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दिया। इसमें मोहित राम गंभीर रुप से घायल हो गए। सिर पर हेलमेट न पहनने की वजह से गंभीर चोटें आई थी। आनन-फानन में मोहित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां परीक्षण कर डाक्टर ने मोहित को मृत घोषित कर दिया। मोहित राम एक पुत्र और दो पुत्रियों के पिता थे। उधर मोहित के मौत की सूचना निजामाबाद तहसील के लेखपालों को हुई तो सभी शोक में डूब गए। लेखपाल अपना काम ठप कर पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए जिला मुख्यालय रवाना हो गए।