आजमगढ़। चकला पहाड़पुर मुहल्ला निवासी एक वकील की जमीन का कुछ लोगों ने पहले फर्जी बैनामा कराया और फिर शहर कोतवाली में जमीन मालिक और उनके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा लिया। साथी के जमीन का फर्जी बैनामा और मुकदमे की जानकारी होने पर दीवानी बार के वकील आंदोलित हो गए और बुधवार को पूरे दिन न्यायिक कार्यो से विरत रहे। अधिवक्ता प्रवीण कुमार श्रीवास्तव की चकला-पहाड़पुर मुहल्ले में मकान, दुकान और लगभग छह बिस्वा जमीन है। प्रवीण का आरोप है कि 5 व 12 फरवरी 2018 को उसकी इस संपत्ति का ऋषि यादव पुत्र ऋषिमुनि यादव निवासी सिविल लाइंस व लव यादव पुत्र अंतू यादव निवासी गेलवारा थाना सिधारी के नाम बैनामा कर दिया गया। फर्जी बैनामे की नकल हाथ लगने पर पीड़ित ने फर्जी विक्रेता गण, क्रेता गण व गवाहों के खिलाफ तहरीर भी दी लेकिन शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। उसने 10 सितंबर को कुछ लोगों के खिलाफ एग्रीमेंट कर दिया। इस बीच 20 सितंबर को क्रेता ऋषि यादव ने शहर कोतवाली में तहरीर दे कर प्रवीण कुमार श्रीवास्तव पर अपनी बैनामा सुदा जमीन का एग्रीमेंट दानिश शकील, वंदना सिंह, उषा श्रीवास्तव, मो. इकरामुल्लाह, सुभाष यादव, उर्मिला देवी, मो. सलीम व अजय कुमार मौर्या के नाम कर देने का आरोप लगाया। शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया। मामला संज्ञान में आने पर दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ बुधवार को साथी के जमीन पर किए जा रहे अवैध कब्जे के प्रयास के खिलाफ आक्रोशित हो उठा और पूरे दिन न्यायिक कार्यों से विरत रहे। इसके साथ ही एसपी को पत्रक सौंपकर फर्जीवाड़ा कर जमीन का बैनामा कराने वाले, करने वाले और गवाहों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की मांग किया।
न्यायिक कार्य से विरत रहे अधिवक्ता
आजमगढ़। दीवानी न्यायालय अभिभाष संघ के अधिवक्ता सदस्यों की संघ के सभागार में बुधवार को बैठक हुई। बैठक में अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता प्रवीण कुमार श्रीवास्तव के विरुद्ध दर्ज हुई प्राथमिकी की निंदा की। घटना के विरोध में पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। बैठक की अध्यक्षता संघ के उपाध्यक्ष दधिबल चौहान ने की। संचालन सह मंत्री रामदरश यादव एडवोकेट ने किया। उधर सेंट्रल बार एसोसिएशन की शोक बैठक आद्या प्रसाद की अध्यक्षता में हुई। जिसमें अधिवक्ताओं ने उत्तर प्रदेश शासन द्वारा पुरस्कृत डा. कुबेर नाथ मिश्र के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर अधिवक्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक सभा में अधिवक्ता प्यारे मोहन श्रीवास्तव, राजबहादुर यादव, दिनेश सिंह, जय प्रकाश यादव, आंशू श्रीवास्तव सहित अनेक अधिवक्ता सदस्य उपस्थित रहे।