अपहृत ग्रेनाइट शोरूम मालिक के बारे में पुलिस और परिजन दोनों की चिंताएं बढ़ती जा रही हैं। छह दिन बीत गए कुछ हाथ नहीं लगा। उधर, सीमावर्ती मध्य प्रदेश के गौरिहार थाना क्षेत्र के आसपास लगभग 14 सदस्यीय गिरोह की चहलकदमी से दोनों सूबों की पुलिस चौकन्ना हो गई है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि अपहरण के बाद व्यापारी प्रदीप सिंह उर्फ नीलू को किसी गिरोह के हवाले तो नहीं कर दिया गया?
21 सितंबर को रात करीब सवा 8 बजे यहां शहर के चिल्ला रोड स्थित कजारिया टॉयल्स शोरूम मालिक प्रदीप सिंह सेंगर उर्फ नीलू को अगवा करके बदमाश उसी की इनोवा कार में ले गए थे। अब 6 दिन बीत गए। यूपी और एमपी दोनों ही पुलिस अपहृत व्यापारी या बदमाशों तक पहुंचने में नाकाम रही है। तीसरे दिन छतरपुर में कार बरामद होने पर यूपी और एमपी दोनों ही पुलिस की लगभग पूरी तवज्जो उसी क्षेत्र में है। उधर, बांदा और महोबा जनपद की सरहद से जुड़े मध्य प्रदेश के गौरिहार थाना क्षेत्र के परेई गांव के आसपास कई दिनों से डकैत गिरोह की चहलकदमी बताई जा रही है।
बताते हैं कि इसमें लगभग 14 डकैत हैं। इस खबर ने अपहृत व्यापारी की खोजबीन में लगी यूपी-एमपी पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। आशंका जताई जा रही है कि अपहृत नीलू इसी गिरोह के कब्जे में हो सकता है। गिरोह ने खुद अपहरण किया हो या अपहरणकर्ताओं ने व्यापारी को गिरोह के हवाले कर दिया है। दोनों ही आशंकाएं जताई जा रही हैं।
सूत्र बताते हैं कि गिरोह की चहलकदमी की खबर मिलने पर छतरपुर पुलिस अधीक्षक विनीत खन्ना ने कहा है कि फिलहाल गिरोह की जानकारी नहीं मिली थी। अगर ऐसा है तो तुरंत गौरिहार समेत आसपास के थानों की पुलिस को तत्काल कांबिंग व सर्चिंग के निर्देश दिए जा रहे हैं।
उधर, अपहृत व्यापारी की तलाश में लगी बांदा पुलिस की कमान संभाले यहां के अपर पुलिस अधीक्षक लालभरत कुमार पाल ने बताया कि छतरपुर पुलिस के सहयोग से रात-दिन सर्चिंग की जा रही है। उधर, घटना के समय शोरूम में मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ का सिलसिला जारी है।
व्यापारी नीलू सिंह के अपहरणकर्ताओं की कार छतरपुर में लगे सीसीटीवी कैमरों के दायरे से गुजर जाने के बाद हो रही किरकिरी पर छतरपुर पुलिस ने कैमरों की सुध ली तो एक और बड़ी लापरवाही की पोल खुल गई। बताया गया है कि छतरपुर शहर की सीमा पर महोबा रोड पर लगे कैमरे कई दिनों से खराब हैं। कैमरों को खंगाला गया तो यह हकीकत सामने आई। अब इन्हें आनन-फानन दुरुस्त कराया जा रहा है। मंगलवार को छतरपुर पुलिस ने खराब कैमरों को दुरुस्त कराया। शहर के कई और कैमरे भी खराब मिले। उधर, छतरपुर के सीसीटीवी कंट्रोल स्टाफ का कहना था कि बारिश में कुछ कैमरे खराब हो गए हैं। इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई थी। एसपी विनीत खन्ना ने कहा कि इन्हें दुरुस्त करा दिया गया है।