मार्टीनगंज। दीदारगंज थाना क्षेत्र के भादो गांव में शनिवार की देर रात मनबढ़ एक व्यक्ति के घर पर धावा बोल दिया। गुमटी तोड़कर उसमें रखा सामान और घर में घुसकर वहां का सामान उठा ले गए। विरोध करने पर पति-पत्नी और बेटी को धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। मामला दो वर्ग का होने से क्षेत्र में तनाव उत्पन्न हो गया। सूचना मिलने पर जब तक पुलिस पहुंचती कि आरोपी फरार हो गए। पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घायलों में पप्पू (40) पुत्र रामलखन, उसकी पत्नी राधिका देवी (39) बेटी रिंकू (16) का नाम शामिल है। यह सभी दीदारगंज थाने के भादो गांव के निवासी हैं। पप्पू के मुताबिक वह अपने घर के पास गुमटी रखकर उसमें दुकान किया है। इसी दुकान के जरिए परिवार की जीविका चलती है। उसका आरोप है कि शनिवार की देर रात जौनपुर जिले के खेतासराय थाने के भरेठी गांव निवासी कई महिला और पुरुष हाथों में लाठी-डंडा और तलवार सहित अन्य धारदार हथियार लेकर पहुंचे। इनके साथ भादो गांव निवासी फुरकान पुत्र नसीम भी था। यह लोग गुमटी में रखा सामान, रुपये आदि लूट लिए। इसके बाद घर में घुसकर लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर सभी पप्पू और उसके परिवार के सदस्यों को मारपीटकर घायल कर दिया। कच्चे मकान का थपुआ, नरिया आदि तोड़कर नष्ट कर दिया। मामला दो वर्ग विशेष का होने की वजह से तनाव उत्पन्न हो गया। सूचना मिलने पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती कि आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।