आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के सेमरी बाजार निवासी सर्राफ को फोन कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला बदमाश रविवार को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मजीदपट्टी (अशरफपुर) गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से वह मोबाइल बरामद हुई, जिससे रंगदारी के लिए उसने फोन किया था। पुलिस ने उसका चालान कर दिया। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राहुल मिश्रा पुत्र पन्नालाल कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मजीदपट्टी गांव का निवासी है। वह 28 अगस्त की शाम पांच बजे तहबरपुर थाने के सेमरी बाजार निवासी सर्राफ गनेश सेठ उर्फ सुरेश को फोन कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगा। बदमाश ने धमकी दी कि यह जानने की कोशिश मत करो की मैं कौन बोल रहा हूं, यह जान लो कि मैं जेल से बोल रहा हूं। हमारा आदमी 29 अगस्त की शाम तुम्हारे दुकान पर पहुंचेगा। रुपये उसे दे देना। नहीं तो तुम्हारा और परिवार का काम तमाम कर दूंगा। बदमाश की धमकी से भयभीत गनेश ने तहबरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना के खुलासे के लिए एसओ तहबरपुर संजय तिवारी और सर्विलांस प्रभारी वृजेश सिंह और स्वाट प्रभारी राजेश उपाध्याय की टीम को लगाया गया। गहन जांच पड़ताल के दौरान बदमाश का लोकेशन मिलने पर रविवार की सुबह उसके घर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से वह मोबाइल भी बरामद हुई, जिससे उसने गनेश को धमकी दी थी।