पवई। शादी टूटने से नाराज पवई थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने बुधवार की रात कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रात करीब दो बजे उसकी लाश पंखे से लटकती देख घर वालों को जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। घटना के संबंध में युवती के पिता ने गांव के युवक के विरुद्ध आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। कंचन यादव (23) पवई थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी। 20 जून को कंचन की शादी तय थी। उधर कंचन की शादी तय होने से उसके गांव का विकास उर्फ गुड्डू पुत्र लालमन तिलमिला उठा। गुड्डू ने जिस लड़के से कंचन की शादी तय हुई थी, उसको फोन कर शादी न करने की चेतावनी दी, साथ ही कुछ अश्लील फोटो और वीडियो भी मोबाइल के जरिए उसे भेज दिया। गुड्डू की तरफ से कंचन की भेजी गई अश्लील तस्वीर देखने के बाद बुधवार को लड़के वालों ने शादी करने से इंकार कर दिया। शादी टूटने से दुखी कंचन रात को भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। वहीं अपने दुपट्टे के सहारे पंखे में लटकर आत्महत्या कर ली। रात करीब दो बजे कंचन की मां जगी तो उसने कंचन की लाश देख परिवारवालों को बताया। घर वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस कंचन की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। सीओ फूलपुर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि कंचन के घर वालों की तहरीर के आधार पर विकास उर्फ गुड्ड़ के विरुद्ध आत्महत्या के लिए मजबूर करने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।