आजमगढ़। अवैध प्लाटिंग और निर्माण का जायजा लेने के क्रम में एडीए सचिव बाबू सिंह ने बुधवार को दो स्थानों पर अवैध प्लाटिंग होते पाया। इस पर उन्होंने उसे रोकते हुए जेई को दोनों के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए उनके ऊपर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया है। इसमें एक स्थान पर शहर के चर्चित बिल्डर की ओर से प्लाटिंग की जा रही थी । जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीए सचिव जब नरौली पर पहुंचे तो उन्होंने विश्वकर्मा भवन के पास 10 हजार वर्ग मीटर में प्लाटिंग हुई देखी। पता करने पर मालूम हुआ कि उक्त प्लाटिंग शहर के चर्चित बिल्डर की ओर से की गई है। जब उन्होंने बिल्डर के बारे में जानकारी हासिल की तो पता चला कि उक्त बिल्डर विभाग में पंजीकृत नहीं है। इस पर उन्होंने प्लाटिंग पर रोक लगा दी। इसके बाद वह बवाली मोड़ पर पहुंचे तो वहां भी दो-तीन प्लाट कटे हुए पाए। इसकी बिक्री पर भी रोक लगाते हुए उन्होंने विभागीय जेई को दोनों को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। एडीए सचिव बाबू सिंह ने कहा कि इन लोगों की ओर से अवैध रूप से प्लाटिंग की गई थी। इसके लिए इनके खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ ही एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। जनपद में किसी को भी इस तरह से अवैध कालोनी बसाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इन लोगों द्वारा जो प्लाटिंग की गई है जल्द ही उसे ढ़हाया जाएगा। फिलहाल इस पर रोक लगा दी गई है।