बलरामपुर। जीआरपी थाना क्षेत्र के पल्हनी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की रात साढ़े नौ बजे सरजू जमुना एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर युवक ने आत्महत्या कर लिया। वह घर से मुंबई जाने का बहाना बनाकर निकला था। युवक की जेब से मिले कागजात के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई। जीआरपी थाने की पुलिस युवक के घर सूचना देकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
मृत युवक बबलू यादव (35) पुत्र रामसमुझ मुबारकपुर थाना क्षेत्र के लाडो बलिया गांव का निवासी था। वह ट्रक चालक था। ट्रक चलाते समय ही उसे शराब पीने की लत लग गई थी। जिसको लेकर परिवार में अक्सर कहासुनी होती थी। बबलू के शराब पीने की वजह से ही बीते कई दिनों से उसके घर में झगड़ा हो रहा था। मंगलवार की शाम बबलू मुंबई जाने के लिए घर से बहाना बनाकर निकला और जीआरपी थाना क्षेत्र में स्थित पल्हनी रेलवे स्टेशन पहुंच गया। रात साढ़े नौ बजे इधर से गुजरने वाली सरजू जमुना एक्सप्रेस ट्रेन आने पर ट्रैक पर लेट गया और कट जाने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी थाने की पुलिस पहुंची। बबलू की जेब से मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान कर घर वालों को सूचना भेजवाकर उसकी लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। जीआरपी थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि बबलू के शराब पीने की लत की वजह से घर में झगड़ा हो रहा था। जिससे नाराज होकर वह ट्रेन के आगे लेटकर आत्महत्या कर लिया।