थाना क्षेत्र के पांडेय का पूरा गांव के पास रविवार की दोपहर अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि साथी घायल हो गया। उसका क्षेत्र के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के समय दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। पुलिस ने युवक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। मृत युवक सबनूर (40) हरिद्वार जिले के मनगलौर थाना क्षेत्र के पुरली गांव का निवासी था। जबकि घायल राजकुमार (35) गाजीपुर जिले के खानपुर थाने के मिर्जापुर गांव का निवासी है। सबनूर ईंट भट्ठे की चिमनी बनाता था। वह मिर्जापुर गांव निवासी एक भट्ठा मालिक की चिमनी बनाने के लिए राजकुमार के साथ बाइक पर बैठकर जा रहा था। घटना के समय बाइक राजकुमार चला रहा था। बाइक चलाते समय वह हेलमेट नहीं लगाया था। जैसे ही दोनों मेहनाजपुर बाजार से आगे तरवां बाजार की तरफ मुड़े और पांडेय का पूरा गांव पहुंचे तभी पीछे से आ रही अनियंत्रित बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी।