आमजगढ़। लालगंज तहसील के रेतवां चंद्रभानपुर और बूढ़नपुर तहसील के रेहड़ गांव में ग्राम समाज की जमीन को अभिलेखों में हेराफेरी कर कब्जाने के मामले में जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी ने बंदोबस्त अधिकारी और एसडीएम बूढ़नपुर को फर्जीव़ाड़े में संलिप्त अधिकारी-कर्मचारी और लाभार्थियों पर एफआईआर कराने के निर्देश दिए गए हैं। रेतवां चंद्रभान पुर में अभिलेखों में हेराफेरी कर एक एकड़ 51 कड़ी बंजर जमीन और रेहड़ा में 15 एकड़ नवीन परती, ऊसर और ताल की जमीन पर अभिलेखों में हेराफेरी कर कब्जा कर लिया गया था। पूर्व जिलाधिकारी ने सीबी सिंह ने फर्जी जमीन को फिर से ग्राम समाज में दर्ज कराने के साथ ही रेतवा के मामले में बंदोबस्त अधिकारी और रेहड़ा गांव के मामले में मुख्य राजस्व अधिकारी को एफआईआर कराने के निर्देश दिए थे। पिछले दिनों मुख्य राजस्व अधिकारी आलोक वर्मा ने रेहड़ा गांव के मामले में एसडीएम को एफआईआर कराने के निर्देश देने के साथ ही चूकवश रेतवां चंद्रभानपुर के मामले में भी एसडीएम लालगंज को एफआईआर कराने के निर्देश दे दिए थे। जानकारी होने के बाद मुख्य राजस्व अधिकारी ने अब बंदोबस्त अधिकारी को एफआईआर कराने के निर्देश दिए हैं।