जहानागंज । थाना क्षेत्र के नेतपुर गांव में गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस पहुंची और उसकी लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नेतपुर गांव निवासी अंजुलता देवी (29) पत्नी गोरखनाथ गांव में शिक्षाप्रेरक के पद पर तैनात थी। उसका पति गोरखनाथ सिधारी थाना क्षेत्र के छतवारा मोड़ पर मिठाई की दूकान पर काम करता है। वह गुरुवार की रात वहीं पर रुक गया। अंजुलता की मां उससे मिलने के लिए आई हुई थी। रात को अंजुलता अपने कमरे में दो बेटे और एक बेटी के साथ सोई थी। उसकी मां कमरे के दरवाजे पर सोई थी। रात को अंजुलता देवी ने संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि मौत के कारण की जानकारी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।