अंबारी। अहरौला थाना क्षेत्र के पुरामया पांडेय गांव में मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे सबमर्सिबल लगाने वाले गड्डे में गिरने से डूबकर चार वर्षीय बालक की मौत हो गई। लाश पानी के ऊपर तैरती दिखने पर लोगों को जानकारी हुई। बालक को तत्काल नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां परीक्षण कर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। अहरौला थाना क्षेत्र के पूरामया पांडेय गांव निवासी नितीश पांडेय अपने नए भवन का निर्माण करवा रहे हैं। भवन निर्माण के साथ-साथ ही पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सबमर्सिबल लगवा रहे थे। इसके लिए रविवार को घर के बगल में करीब छह फीट से अधिक गहरा गड्ढा खोदा गया। सोमवार को उस गड्ढे में पानी भरवाकर छोड़ दिया गया। मंगलवार को इस गड्ढे में पंप आदि लगवाया जाता। उससे पहले ही मंगलवार की सुबह नितीश का चार वर्षीय बेटा प्रशांत पांडेय खेलते हुए घर से बाहर निकला और खेलते-खेलते वह सबमर्सिबल के गड्ढे के पास पहुंचकर भीतर झांकने लगा। इस दौरान प्रशांत गड्ढे में गिरा और गहरे पानी में डूबकर मर गया। परिवार के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लग सकी, न ही किसी ने खोजबीन ही किया। सुबह करीब आठ बजे प्रशांत की लाश पानी में उतराई हुई दिखी तो कोहराम मच गया। परिवार के लोग प्रशांत की लाश को पानी से बाहर निकालकर स्थानीय डाक्टर के यहां भर्ती कराया। जहां परीक्षण कर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह दो भाईयों में बड़ा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।