अतरौलिया। थाना क्षेत्र के मकरहा गांव में 24 हेक्टेयर से अधिक ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर उसमें गेहूं की फसल बोने वाले अतिक्रमणकारियों से तहसील प्रशासन ने पिछले दिनों जिलाधिकारी के आदेश पर जमीन को मुक्त करा दिया था। साथ ही उक्त जमीन में बोई गई फसल नीलामी करा दी थी। महराजगंज कस्बा निवासी किसान ने सबसे अधिक 9.40 लाख रुपये की बोली लगाकर पूरी फसल को खरीद लिया था। सोमवार को किसान हारवेस्टर मशीन के जरिए उक्त फसल को कटवा रहा था, तभी पड़ोसी गांव भियानीपुर के रहने वाले तमाम किसान पहुंचे और हारवेस्टर पर पथराव करते हुए फसल काटने से रोक दिया। घटना से गांव में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस को देख मनबढ़ फरार हो गए। पुलिस ने दौड़ाकर एक प्रधान सहित छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मौके पर कई थानों की फोर्स और तहसील प्रशासन के लोग मौजूद हैं।