आजमगढ़। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर गुरुवार की शाम छह बजे से सड़क पर उतरी पुलिस देर रात तक संदिग्धों की तलाश में जुटी रही। इस दौरान पुलिस, खुफिया विभाग के लोग, डाग स्क्वॉड के साथ शहर से लेकर गांव तक तलाशी ली गई। पुलिस ने शहर के रोडवेज परिसर, रेलवे स्टेशन, मुख्य चौक, प्रमुख होटल, ढाबा, शराब की दुकान आदि स्थानों पर पहुंचकर जांच पड़ताल और सघन तलाशी ली गई। पुलिस की यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही।
एसपी सिटी सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर गुरुवार की शाम से ही संवेदनशील क्षेत्रों में फोर्स तैनात कर दी गई। शहर के प्रमुख होटलों, ढाबा, रोडवेज, शराब की दुकान और रेलवे स्टेशन के आसपास सघन तलाशी ली गई। इसके अलावा मुसाफिर खाना सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों का भी गहनता से निरीक्षण किया गया। एसपी सिटी ने बताया कि 26 जनवरी पर शहर के शिब्ली कॉलेज, पहाड़पुर और तकिया मुहल्ले में पुलिस के अलावा पीएसी के जवानों की तैनाती की जाएगी। एसपी सिटी ने बताया कि शहर के अलावा सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में सघन तलाशी लेने और सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। हालांकि अभी तक कहीं से कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।