जहानागंज। बजहां पुल के पास सिवान में 13 दिसंबर की दोपहर हुए मुठभेड़ के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागने वाले दो पशु तस्करों को जहानागंज थाने की पुलिस ने सोमवार की देर शाम चक्रपानपुर बाजार से गिरफ्तार कर ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों पशु तस्करों का चालान कर दिया। एसपीसिटी कमलेश बहादुर के मुताबिक गिरफ्तार पशु तस्करों में फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मुडिय़ार गांव निवासी मो. राशिद पुत्र कुतुबुद्दीन और सरायमीर थाना क्षेत्र के राजापुर सिकरौर गांव निवासी अब्दुल्लाह पुत्र शबीर उमरून का नाम शामिल है। एसपीसिटी के मुताबिक 13 दिसंबर को एसओ जहानागंज मनोज सिंह और प्रभारी निरीक्षक तहबरपुर कृष्ण कुमार गुप्ता की टीम ने बजहां पुल के पास हुए मुठभेड़ में गोली लगने से पशु तस्कर गिरोह के सरगना 50 हजार के इनामी शेराज और उसके साथी अजीम को गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि मो. राशिद और अब्दुल्लाह पुलिसपार्टी पर फायर करते हुए फरार हो गए थे। तभी से पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई थी। सोमवार की शाम को मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर जहानागंज थाने के दरोगा रमेश कुमार पटेल ने अपनी टीम के साथ दोनों को चक्रपानपुर बाजार में स्थित राजकीय मेडिकल कालेज गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से दो तमंचा और दो कारतूस बरामद हुआ। दोनों के विरुद्ध केस दर्ज कर इनका चालान कर दिया गया।
बाइक की टक्कर से अधेड़ की मौत
बलरामपुर। कंधरापुर थाना क्षेत्र के हरखूपुर गांव के पास सोमवार की देर शाम अनियंत्रित बाइक की टक्कर से अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने उसकी लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। मृत रामसेवक यादव (55) पुत्र तेलू यादव था। वह कंधरापुर थाना क्षेत्र के हरखूपुर गांव का निवासी था। वह सोमवार की शाम को पैदल बाजार आया हुआ था। सब्जी लेकर घर लौटते समय जैसे ही वह गांव के पास पहुंचा कि अनियंत्रित बाइक की टक्कर से घायल हो गया। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान देर रात को उसकी मौत हो गई। रामसेवक तीन बेटा और तीन बेटियों का पिता था।