आजमगढ़। जिले में कुल 606 ईंट भट्ठों का संचालन होता है। इनमें से तीन ईंट भट्ठे संचालकों ने 2011 से अभी तक रॉयल्टी जमा नहीं की है। खनन विभाग इन लोगों को दो बार नोटिस जारी कर चुका है। अब विभाग द्वारा इनसे वसूली के लिए आरसी जारी की जा रही है। जिले में संचालित बहुत ईंट भट्ठा मालिकों द्वारा बिना रायल्टी जमा किए ही काफी दिनों से भट्ठों का संचालन किया जा रहा है। जब दबाव पड़ा तो बहुत से ईंट भट्ठा संचालकों ने रायल्टी जमा कर दिया लेकिन तीन भट्ठा संचालक ोंऐसे हैं जिन्होंने 2011 से ही रायल्टी जमा नहीं किया है। ऐसे में रायल्टी की फीस से ज्यादा उसका ब्याज हो गया है। इनमें सदर तहसील के मुन्नी ईंट उद्योगपुर, सिंह ब्रिक्स वर्क्स ओदेरा जमुड़िया और करूणाकांत बीकेओ एनिया शामिल हैं। इन सभी के ऊपर 26100- 26100 रुपये की रॉयल्टी और ब्याज की रकम 43848-43848 रुपये हो गई है। यानि एक-एक भट्ठा मालिकों को 69948 रुपये जमा करने होंगे। जिला खान निरीक्षक, विनीत सिंह ने बताया कि इन तीन लोगों को आरसी जारी कर रायल्टी की वसूली की जाएगी।