आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चकिया भगवानपुर और लालगंज कस्बा निवासी एक महिला सहित दो लोगों ने रविवार को थाने में दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें 19 लोगों को आरोपित किया है।
देवगांव थाने में चकिया भगवानपुर गांव निवासी संजय चौहान ने फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के आंखोपुर (कटरा कुटीया) गांव निवासी सुनील चौहान, राधिका देवी, रामाश्रय, अनिल और रामसहाय को आरोपित किया है। उसका आरोप है कि उसकी बहन रेनू की शादी सुनील से हुई है। दहेज के लिए सुनील आदि ने 18 मई को उसकी बहन को मारपीटकर घायल कर दिया। साथ ही जान मारने के उद्देश्य से जहरीला पदार्थ खिला दिया। इसी क्रम में लालगंज कस्बा निवासी सुनीता देवी पत्नी लवटन सोनकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के कस्बा सरायवीरु निवासी अपने पति लवटन सोनकर सहित परिवार के 15 लोगों को आरोपित किया है। सुनीता का आरोप है कि 21 जुलाई की शाम दहेज के लिए उसे लालगंज बाइपास पर आटोरिक्शा से ढकेल दिया गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सीओ लालगंज रविशंकर प्रसाद ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।