आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र से 31 मार्च को गायब किशोरी के मिलने के बाद पुलिस ने 48 घंटे में सिर्फ मेडिकल मुआयना ही कराया है। उसे अब तक परिजनों के हवाले नहीं किया गया है। पुलिस ने किशोरी के मंगलवार की शाम हाफिजपुर चौराहे के पास मिलने की बात कही है तो वहीं उसके परिजन नामजद आरोपियों द्वारा दुष्कर्म के बाद किशोरी को कोतवाली पर छोड़ने का आरोप लगा रहे है। घरवालों का कहना है कि किशोरी के मिलने के 48 घंटे से अधिक के बाद भी उसे परिजनों के हवाले न किया जाना समझ से परे है। पिता का आरोप है कि पुलिस बच्ची का मेडिकल और बयान कराने में ढुलमुल रवैया अपना रही है। यहां तक कि उसे बच्ची से मिलने भी नहीं दिया जा रहा है। बुधवार को पूरा दिन महिला अस्पताल में मेडिकल जांच कराने में बीता दिया गया। रात भर बच्ची को महिला थाने में रखा गया। गुरुवार का दिन भी सदर अस्पताल पर एक्स रे और खून की जांच में बीत गया। अब पुलिस का कहना है कि दो दिनों बाद रिपोर्ट मिलेगी तब बच्ची का बयान होगा। मो. तारिक, प्रभारी एसपी सिटी/एसपी यातायात ने बताया कि महिला थाने में बच्ची के साथ उसकी मां को रखा गया है। मामला कुछ संगीन है, जिसके चलते बयान होने के बाद ही उसके सुपुर्दगी का निर्णय हो सकता है। जब तक बयान नहीं दर्ज हो जाता तब तक उसे महिला थाने में ही रखा जाएगा। संभवत: बयान की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो जाएगी। जिसके बाद बच्ची को परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।