अहरौला। थाना क्षेत्र के गोपालगंज बाजार स्थित किराने और आयुर्वेद के थोक सामान की दुकान का ताला तोड़कर बुधवार की रात 2.50 लाख रुपये नगद और आठ लाख के सामान चुरा लिए गए। गुरुवार की सुबह दुकान खोलने पर दुकानदार को घटना की जानकारी हुई और उसने थाने में सूचना दी। पुलिस मौका मुआयना करके वापस लौट गई।
प्यारेलाल गुप्ता पुत्र फून्नन अहरौला थाना क्षेत्र के भेदौरा गांव का निवासी हैं। उनकी अहरौला थाना क्षेत्र के गोपालगंज बाजार में किराने के थोक सामान की दुकान और पतंजलि की एजेंसी है। गोपालगंज बाजार का आधा भाग कप्तानगंज थाना क्षेत्र और आधा अहरौला थाना क्षेत्र में पड़ता है। प्यारेलाल गुप्ता ने व्यापारी को देने के लिए दुकान में 2.50 लाख रुपये रखे थे। बुधवार की रात चोर दुकान का ताला तोड़कर घुसे और 2.50 लाख रुपये नगद और आठ लाख का सामान चुरा लिया। सीओ बूढनपुर श्यामनरायन ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर मिल चुकी है, रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।