बलरामपुर। बुधवार की रात गांव में आई बरात देखने के लिए छत पर चढ़ी युवती अचानक नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल युवती को घरवाले फौरन अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना तहबरपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव की है।
सिकंदरपुर गांव में बुधवार को बरात आई थी। 19 वर्षीय ज्योति पुत्री दयाराम बरात देखने के लिए अपने घर की छत पर गई। छत से ही वह बरात देख रही थी। छत पर बाउंड्री न होने की वजह से किसी वजह से उसका पैर फिसल गया और वो अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। एक मंजिला छत से गिरने की वजह से वो गंभीर रूप से घायल हो गई। घरवाले आनन फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने युवती की जांच की। जब तक वो उसका इलाज शुरू करते, ज्योति ने दम तोड़ दिया। ज्योति इंटरमीडिएट की छात्रा थी और पांच बहनों में तीसरे नंबर पर थी। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घरवालों में रोना पीटना मचा हुआ है। युवती की मौत से शादी वाले गांव में सन्नाटा पसर गया।