आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के सिवान में अवैध असलहे की फैक्ट्री चलाने वाला मुख्य आरोपी रमेश लोहार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर छोड़कर फरार हो गया है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वह महराजगंज थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव का निवासी है।
बता दें कि महराजगंज थाने के बीबीपुर गांव के सिवान में मड़ई डालकर अवैध असलहे की फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। यहां तमंचा तैयार कर उसे यूपी के अलावा बिहार के जरुरतमंद लोगों को आर्डर पर बेचा जाता था। मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर तीस सितंबर को एसओ महराजगंज अश्वनी पांडेय अपनी टीम के साथ छापेमारी कर मौके से रौनापार थाना क्षेत्र के मकरा गांव निवासी रामनाथ को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मुख्य कारोबारी रमेश लोहार सहित अन्य लोग फरार हो गए। पुलिस इस अवैध असलहा फैक्ट्री के मुख्य संचालक रमेश लोहार की गिरफ्तारी के लिए उसके घर दबिश दी, लेकिन वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर छोड़कर फरार है। उसके घर पर सिर्फ बूढ़े पिता मौजूद हैं। एसओ महराजगंज अश्वनी पांडेय ने बताया कि पुलिस रमेश सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। सभी फरार चल रहे। रमेश सहित अन्य की गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा कि इन सभी ने कहां और किस-किस को तमंचा बेचा है।