आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी कोतवाली मुहल्ला निवासी व्यवसायी मोती सेठ के यहां मार्च 2016 से बंधक बने राजस्थान प्रदेश के किशोर सुरेश को मंगलवार को प्रभारी उपश्रमायुक्त ने शहर कोतवाली पुलिस के सहयोग से मुक्त कराया। उपश्रमायुक्त के मुताबिक सुरेश पुरानी कोतवाली के रहने वाले मोती सेठ के यहां मार्च 2016 से काम कर रहा था। यह लोग उससे घर का सारा काम करवाते थे, लेकिन उसे तनख्वाह नहीं देते थे। सुरेश जब भी घर जाने को कहता तो उसे प्रताड़ित करते थे। एक सामाजिक संगठन के जरिए इसकी शिकायत डीएम से की गई। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को शहर कोतवाली पुलिस के सहयोग से सुरेश को मुक्त करा दिया गया। अब उसे घर भेजने की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई से मुहल्ले में हड़कंप मचा हुआ है।