आजमगढ़। मुबाकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की भोर में प्रेमी द्वारा चाकू से प्रहार कर प्रेमिका को घायल कर दिया गया। घायल प्रेमिका का घटना के दूसरे दिन रविवार को भी शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, घटना के संबंध में प्रेमिका के पिता ने तहरीर देकर थाने में प्रेमी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरोपी युवक राजनाथ राम पुत्र भृगुरासन मुबारकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। वह अपने ही गांव की रहने वाली एक 19 वर्षीय युवती से प्रेम करता है। रिश्ते में दोनों चचेरे भाई बहन लगते हैं। इनके रिश्ते की जानकारी घर वालों को हुई तो परिवार के लोग शादी के लिए राजी हो गए, लेकिन युवती की मां इसके लिए राजी नहीं है। शनिवार की भोर में युवती अपनी मां के साथ शौच करने जा रही थी। रास्ते में घात लगाया राजनाथ युवती के पेट में ताबड़तोड़ चाकू से कई वारकर घायल कर दिया। साथ ही खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया। दोनों को सीएचसी मुबारकपुर में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने दोनों को रेफर कर दिया। परिवार के लोग शहर के अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराकर दोनों का इलाज कर रहे। जहां दूसरे दिन राजनाथ की हालत में सुधार बताया गया। वहीं युवती की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।